रायपुर – राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से उत्तर ज़ोन पुलिस ने रविवार को व्यापक विशेष अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर ज़ोन) दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
विशेष अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने भी किया। अभियान के दौरान उत्तर ज़ोन के सभी थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में कुल 80 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें 32 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 18 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया तथा 29 व्यक्तियों को बाउंडओवर किया गया।
पैदल मार्च के दौरान डीसीपी दीपमाला कश्यप ने अधिकारियों और जवानों को क्षेत्र में लगातार गश्त, सतर्क निगरानी तथा असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे तथा आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में अपना जीवनयापन कर सकें।
