रायपुर – राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में ट्रैफिक नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 2,352 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। खास बात यह है कि यह आंकड़ा वर्ष 2025 के पूरे साल में हुई 2,065 लाइसेंस निलंबन कार्रवाई से 287 अधिक है। इससे साफ है कि इस वर्ष नियम तोड़ने वालों पर पुलिस पहले से कहीं ज्यादा सख्ती बरत रही है।
यातायात पुलिस के विशेष अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। पुलिस ने 2,164 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए। इसके अलावा ओवर स्पीडिंग करने वाले 167 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 21 चालकों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए।
यातायात पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल सड़क दुर्घटनाओं के सबसे बड़े कारण हैं। इन्हीं गंभीर उल्लंघनों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा का भी सवाल है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आने वाले दिनों में भी ऐसे गंभीर नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी जारी रखा जाएगा।
