रायपुर – राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बुधवार को लक्ष्मी नारायण कन्या विद्यालय, कालीबाड़ी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की करीब 250 छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सुरक्षा के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर, चाइल्ड हेल्पलाइन, डायल-112, पिंक पेट्रोल और अभिव्यक्ति ऐप जैसी सुविधाओं की जानकारी देकर छात्राओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाते हुए कहा कि संविधान नागरिकों को केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी देता है। जब हर नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा, तभी सुरक्षित और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव होगा।
उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से अपील की कि विद्यालय आने-जाने के लिए केवल QR कोड युक्त ऑटो और ई-रिक्शा का ही उपयोग करें तथा वाहन का QR कोड स्कैन कर उसकी जानकारी अपने अभिभावकों के साथ साझा करें। उन्होंने बताया कि यह कमिश्नरेट पुलिस की सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में छात्राओं को क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), आईटीएमएस (ITMS) और ई-चालान प्रणाली की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कहीं भी यातायात जाम या अन्य समस्या होने पर यातायात पुलिस की त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
छात्राओं से यह भी आग्रह किया गया कि वे अपने घर और समाज की “ट्रैफिक एंबेसडर” बनें तथा सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों तक पहुंचाकर यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण जुड़वा बहनें “रक्षा-सुरक्षा” ट्विन सेफ्टी एंजेल रहीं, जिन्होंने रोचक और सहज तरीके से छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
रायपुर पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से चरणबद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पहले स्कूल प्राचार्यों और अभिभावकों की काउंसलिंग की गई, अब छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। कमिश्नरेट पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही, ताकि सुरक्षित यातायात और साइबर जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
