रायपुर – बढ़ते साइबर अपराधों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने के लिए प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” शुरू किया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट पुलिस लगातार विभिन्न वर्गों और संगठनों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैला रही है।
इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में रायपुर शहर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक एवं परिवहन संगठनों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और सामाजिक-व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक में पुलिस कमिश्नर ने वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया ठगी, यूपीआई फ्रॉड तथा पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी को लेकर विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि हर नागरिक का जागरूक और सतर्क होना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस कमिश्नर ने व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों, संस्थानों, कर्मचारियों और सदस्यों तक साइबर सुरक्षा के संदेश को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठनों की सक्रिय सहभागिता से साइबर अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर परवानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश देवांगन, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरम भगतानी, जवाहर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज, क्रेडाई के अध्यक्ष मृणाल गोलछा, पंडरी कपड़ा मार्केट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सरल मोदी, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि तरल मोदी एवं अश्विन गर्ग, बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पुसदकर तथा आईएमए के अध्यक्ष कुलदीप सोलंकी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, सतीश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों तथा परिचितों को भी जागरूक करें। सतर्कता, सावधानी और जागरूकता ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।
