छत्तीसगढ़ – दुर्ग जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी से जीपीएफ (GPF) की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कर आरोपी को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार विभाग में पदस्थ कर्मचारी नंदकुमार ने अपने बेटे की शादी के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से 5 लाख रुपये निकालने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराने और भुगतान जारी करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की रणनीति बनाई। गुरुवार को डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
बताया जा रहा है कि रायपुर से पहुंची ACB की विशेष टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
