जांजगीर-चांपा – जिले के बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार शाम मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि एक ही झटके में तीन ग्रामीणों की जान चली गई। बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में रुके ग्रामीणों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, महुदा गांव में ग्रामीण बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए छह ग्रामीण पास की एक झोपड़ी में जाकर रुक गए। कुछ देर बाद अचानक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में झोपड़ी के अंदर मौजूद सभी छह लोग आ गए।
हादसे में नरेश खैरवार (24), रामभरोश पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंजू पटेल, दुलारा बाई पटेल और बैशाखू बिजली की चपेट में आने से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
आचानक बदला मौसम, झोपड़ी बनी हादसे का केंद्र
बताया जा रहा है कि ग्रामीण रोज की तरह बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर सभी लोग खुद को सुरक्षित समझकर झोपड़ी के भीतर चले गए। लेकिन कुछ ही देर में झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली गिरने की घटना इतनी भयावह थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर घटना की जानकारी जुटाई गई और घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई गई।
गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन ग्रामीणों की मौत की खबर से महुदा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली के खतरे को सामने ला दिया है।
प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। वहीं घायल तीनों ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
