माना कैंप – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत माना कैंप में “स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा ही संकल्प” अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गणेश विसर्जन एवं झांकी के बाद पंडालों और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में फैले कचरे की सफाई कर स्वच्छता का संदेश देना रहा।
अभियान के दौरान नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। पंडालों के आसपास, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों की सफाई कर कचरे का निपटारा किया गया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने का संदेश भी दिया गया।

स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत माना कैंप के अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष के. एबु, पार्षद उर्मिला चौहान, काजल मंडल एवं राखी मंडल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ बाजपेयी, उप अभियंता मयंक साहू, थानेश्वर वर्मा सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी और सफाईकर्मी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
स्वच्छता की ली शपथ
श्रमदान के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चलचित्र पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण के लिए नियमित सफाई, कचरे के उचित निपटान और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण को अपनाने पर जोर दिया गया।

नगर पंचायत की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी और सामूहिक संकल्प है।
