रायपुर – क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुलभ और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस सहायता केंद्र सिलतरा का उन्नयन कर उसे पूर्ण थाना का दर्जा दे दिया गया है। शुक्रवार को थाना सिलतरा का विधिवत शुभारंभ रायपुर (ग्रामीण) की पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

अब तक सिलतरा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था थाना धरसींवा के अंतर्गत संचालित पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से देखी जाती थी। यह सहायता केंद्र किराये के भवन में संचालित हो रहा था। क्षेत्र के लगातार बढ़ते औद्योगिक विकास, जनसंख्या में वृद्धि तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी आवश्यकताओं को देखते हुए इसे पूर्ण थाना में उन्नत किया गया है। इससे अब क्षेत्रवासियों को पुलिस संबंधी सेवाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और शिकायतों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव ने थाना सिलतरा का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि नए थाना के प्रारंभ होने से आम जनता को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
नवगठित थाना सिलतरा के प्रथम थाना प्रभारी के रूप में राजेंद्र सिंह कंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक (माना) लम्बोदर पटेल, थाना प्रभारी धरसींवा राजेंद्र दीवान सहित थाना धरसींवा, थाना सिलतरा और चौकी सिलयारी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नए थाना के शुभारंभ को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
गौरतलब है कि सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में उद्योग, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और श्रमिक निवास करते हैं। ऐसे में नए थाना की स्थापना से अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी। साथ ही आम नागरिकों को एफआईआर दर्ज कराने, शिकायत प्रस्तुत करने तथा अन्य पुलिस सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने भी थाना सिलतरा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा जनता को पहले की तुलना में तेज, प्रभावी और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी।
