भिलाई – शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूर्यवंशी पर बीच सड़क पर जानलेवा हमला कर दिया गया। डीपीएस चौक के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने पहले उन्हें रोका, फिर बेसबॉल के डंडों और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल योगेश सूर्यवंशी को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
मामले की जांच के बाद भिलाई नगर पुलिस ने प्रखर चंद्राकर, हरीश यादव और अमन मूर्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी प्रखर चंद्राकर का नाम महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के भांजे के रूप में सामने आया है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की असली वजह, पुराने विवाद और सभी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
