छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में देर रात सड़क पर कार के बोनट पर बीयर रखकर कथित तौर पर पार्टी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। B24 EXPRESS के सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत मिलने के बाद थाना मंदिर हसौद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवकों को थाने तलब किया और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर कार क्रमांक CG04QT5988 के बोनट पर बीयर रखे होने की शिकायत सामने आई थी। सोशल मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई।
इसके बाद 26 अक्टूबर को वाहन चालक शिखर चौधरी (22 वर्ष) और उसके साथी आदित्य शर्मा (21 वर्ष) थाना मंदिर हसौद पहुंचे। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। साथ ही संबंधित वाहन के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
सोशल मीडिया पर मामला उठा, पुलिस ने की कार्रवाई
देर रात ओवरब्रिज जैसे सार्वजनिक मार्ग पर कार के बोनट पर बीयर रखे जाने की घटना ने सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदार व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए थे। B24 EXPRESS के माध्यम से शिकायत सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई हुई है।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक सड़कों पर नियमों की अनदेखी करने वाले मामलों को नजर अंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि ऐसे मामलों में आगे भी पुलिस की निगरानी और कार्रवाई कितनी प्रभावी रहती है।
