छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इस तरह अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का डकैती का सामान, वारदात में इस्तेमाल चारपहिया और दोपहिया वाहन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
लगातार दबिश देकर पकड़े गए पांच फरार आरोपी
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों की पहचान कर लगातार दबिश दी गई। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने समीर सोनी उर्फ बुच्ची, रामा मरकाम, गोकुल यादव, संदीप नागरिया और कृष्णा देवार को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले पुलिस संदीप नेताम, अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित संलिप्त आरोपियों की तलाश और पूछताछ में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले भी चोरी, मारपीट, बलवा और आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं। समीर सोनी उर्फ बुच्ची के खिलाफ तेलीबांधा थाने में चोरी और मारपीट के मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। रामा मरकाम चोरी के प्रकरण में, जबकि गोकुल यादव के खिलाफ तेलीबांधा और विधानसभा थाना क्षेत्रों में चोरी, बलवा एवं मारपीट से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। संदीप नागरिया के खिलाफ चोरी और आबकारी अधिनियम से जुड़े प्रकरण भी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से आरोपी पूर्व में जेल में भी निरुद्ध रह चुके हैं।
इन पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
समीर सोनी उर्फ बुच्ची, उम्र 31 वर्ष, निवासी देवारपारा, सुभाष नगर, तेलीबांधा।
रामा मरकाम (देवार), उम्र 30 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना।
गोकुल यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी देवारपारा, सुभाष नगर, तेलीबांधा।
संदीप नागरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, तेलीबांधा।
कृष्णा देवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी देवारपारा, सुभाष नगर, तेलीबांधा।
कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
