गरियाबंद – जिले के छुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज बारिश के चलते बगनई नदी में अचानक आई बाढ़ ने बड़ा हादसा होने से पहले ही पुलिस और SDRF की तत्परता से टाल दिया। ग्राम विजयपाल के पास निर्माणाधीन पुल के नीचे बनी अस्थायी झोपड़ी में रह रहे 14 ग्रामीण अचानक बढ़े जलस्तर के कारण चारों ओर से पानी में घिर गए। समय रहते सूचना मिलने पर गरियाबंद पुलिस और नगर सेना SDRF महासमुंद की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों का सफल रेस्क्यू किया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम विजयपाल के पास बगनई नदी पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारी और कुछ ग्रामीण पुल के नीचे अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। रविवार तड़के करीब 4 बजे क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हुई। लगातार बारिश के कारण बगनई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। सुबह जब तक झोपड़ी में रह रहे लोगों को स्थिति का अंदाजा होता, तब तक चारों तरफ बाढ़ का पानी भर चुका था और वे पूरी तरह फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छुरा उप निरीक्षक ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया। इसके साथ ही नगर सेना की SDRF महासमुंद टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। संयुक्त टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर नदी के तेज बहाव के बीच सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
बाढ़ के तेज बहाव के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस और SDRF के प्रशिक्षित जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए एक-एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी 14 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी व्यक्ति को कोई गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन का सहयोग किया। पुलिस और SDRF की त्वरित कार्रवाई की लोगों ने सराहना की। यदि समय पर राहत दल मौके पर नहीं पहुंचता तो तेज बहाव के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी।
गरियाबंद पुलिस ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और पुल-पुलियों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
बारिश के मौसम में जिले की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विजयपाल में 14 ग्रामीणों का सफल रेस्क्यू पुलिस, नगर सेना और SDRF के बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और साहसिक कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
