रायपुर – राजधानी में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप के कथित अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभाण्डी स्थित ब्रम्हदेव नगर के विनायक मेडिकल स्टोर में पुलिस ने छापेमारी कर संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यहां बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित कोडिन सिरप बेची जा रही थी। कार्रवाई के दौरान 12,800 रुपये कीमत की 32 शीशी नशीली सिरप जब्त की गई है।
मेडिकल स्टोर में ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, टेस्ट पर्चेस से खुला मामला
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को 26 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि विनायक मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने पहले मुखबिर के माध्यम से टेस्ट पर्चेस कराया। इस दौरान बिना डॉक्टर की पर्ची के सिरप बेचे जाने की पुष्टि होने पर टीम ने मेडिकल स्टोर में दबिश दी और मौके से संचालक सहित दो लोगों को पकड़ लिया।
दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी, 32 शीशी सिरप जब्त
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार दुबे (48 वर्ष), निवासी आकृति विहार, अमलीडीह और जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29 वर्ष), निवासी सूरज नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लाभाण्डी के रूप में हुई है।
मेडिकल स्टोर की तलाशी के दौरान 32 शीशी प्रतिबंधित कोडिन सिरप बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि सिरप की बिक्री और भंडारण के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया गया।
पहले भी नशीली सिरप के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
इस कार्रवाई में गिरफ्तार जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी तेलीबांधा थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल में निरुद्ध रह चुका है। इसके बावजूद उसका नाम एक बार फिर इसी तरह के मामले में सामने आया है।
अब सप्लाई नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सिरप मेडिकल स्टोर तक कहां से पहुंची, इसकी खरीद किससे की गई और इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अब जांच का फोकस सिरप की आपूर्ति के स्रोत और संभावित नेटवर्क पर है।
बड़ा सवाल: मेडिकल स्टोर जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवा की आड़ में यदि प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री होती है, तो यह युवाओं और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब यह देखना अहम होगा कि सिरप की सप्लाई करने वाले स्रोतों तक जांच कब पहुंचती है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।
