रायपुर – पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय का जन्मदिन 6 नवंबर को राजधानी रायपुर में सेवा, समर्पण और जनसरोकार के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर रायपुर शहर सहित पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, हवन, भंडारा, प्रसादी वितरण और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रही। खास बात यह रही कि विकास उपाध्याय ने अपना जन्मदिन केवल कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच ही नहीं, बल्कि वृद्धजनों और स्कूली बच्चों के साथ मनाकर इसे सेवा के संदेश से जोड़ा।
जन्मदिन की शुरुआत विकास उपाध्याय ने कोटा स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर की। यहां उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका आशीर्वाद लिया और उनके बीच जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इसके बाद कोटेश्वर नगर एवं भवानी नगर में कार्यकर्ताओं के साथ जन्मोत्सव मनाया। वहीं रामकुंड में स्कूली बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।

इसके बाद विकास उपाध्याय दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। वैद्यनाथ पारा, डंगनिया चौक, डीडी नगर, रायपुरा, समता कॉलोनी, गुढ़ियारी, मंगल बाजार, कबीर चौक, रामनगर, खमतराई, टाटीबंध, हीरापुर, सरोना, रामसागर पारा, देवेंद्र नगर, शंकर नगर, सदर बाजार, चंगोराभाठा, भनपुरी और माना सहित अनेक क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आम नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह फूलमालाओं, आतिशी उत्साह, मिठाइयों और शुभकामनाओं के साथ जन्मदिन का जश्न मनाया गया।
इस मौके पर गुढ़ियारी स्थित श्री श्री काली मंदिर, रेलवे लोको कॉलोनी में युवा साथियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। इसमें विकास उपाध्याय के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के बीच प्रसादी और भोग का वितरण किया गया।

पूरे आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर समिति के राजेश पाल, विजय जडेजा, संजय अवस्थी और अनिल बर्गे सहित स्थानीय युवाओं ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने विकास उपाध्याय को बधाई दी।
अपने जन्मदिन के अवसर पर विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़वासियों को धनतेरस, दीपावली एवं भाईदूज की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कुल मिलाकर, विकास उपाध्याय का जन्मदिन राजनीतिक बधाइयों से आगे बढ़कर जनसंपर्क, सामाजिक सरोकार और सेवा भावना के आयोजनों के रूप में नजर आया।
