छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने के बाद अब इस उपलब्धि को लेकर राजनीतिक सवाल उठने लगे हैं। रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने स्वच्छता रैंकिंग पर सवाल खड़े करते हुए राज्य सरकार और नगर निगम से पूरी सर्वेक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि रायपुर वास्तव में प्रदेश में स्वच्छता के मामले में प्रथम स्थान पर है, तो सरकार को वार्डवार सफाई व्यवस्था का वास्तविक आंकड़ा जनता के सामने रखना चाहिए।
विकास उपाध्याय ने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर पहला और बिलासपुर को दूसरा स्थान मिलने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए दोनों शहरों के नागरिकों और सफाई कर्मचारियों को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने सवाल किया कि रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग किन मानकों और किस आधार पर तय की गई है? सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि तीनों शहरों की रैंकिंग किस श्रेणी में और किन मापदंडों के आधार पर निर्धारित हुई है।
पूर्व विधायक ने कहा कि रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी है। यहां प्रदेशभर से हजारों लोग रोजाना आते हैं। ऐसे में राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण होनी चाहिए। लेकिन शहर के कई वार्डों में आज भी कचरे के ढेर, जाम नालियां और अनियमित सफाई लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं। ऐसे में स्वच्छता के बड़े-बड़े दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को स्पष्ट करना जरूरी है।
उन्होंने नगर निगम से सवाल किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान सर्वेक्षण दल किन वार्डों, बस्तियों और अंदरूनी गलियों तक पहुंचा? कितने नागरिकों से फीडबैक लिया गया? आम लोगों की शिकायतों और उनकी संतुष्टि को रैंकिंग में कितना महत्व दिया गया? क्या सर्वेक्षण में केवल प्रमुख सड़कों और चुनिंदा इलाकों की सफाई को आधार बनाया गया या शहर के प्रत्येक वार्ड की वास्तविक स्थिति का भी आकलन किया गया?
उपाध्याय ने राज्य सरकार और नगर निगम से मांग की कि स्वच्छता सर्वेक्षण की पूरी रिपोर्ट, रायपुर की राष्ट्रीय रैंकिंग, वार्डवार निरीक्षण रिपोर्ट, सफाई व्यवस्था का आकलन और नागरिक संतुष्टि से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में सफाई संबंधी प्राप्त शिकायतों, उनके निराकरण और लंबित मामलों की जानकारी भी जनता के सामने रखी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने की घोषणा केवल सम्मान और प्रचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नगर निगम को प्रत्येक वार्ड के लिए सफाई का समयबद्ध कार्यक्रम जारी करना चाहिए, ताकि नागरिकों को पता रहे कि उनके मोहल्ले और गलियों की सफाई कब होगी।
विकास उपाध्याय ने कहा, “जिस गली में आज भी कचरा पड़ा है, वहां रहने वाले लोगों का सीधा सवाल है कि हमारी गली की सफाई कब होगी? स्वच्छता का असली प्रमाण रैंकिंग नहीं, बल्कि आम नागरिक को साफ-सुथरा वातावरण मिलना है।”
अब देखना होगा कि स्वच्छता में प्रदेश में प्रथम आने का दावा करने वाला नगर निगम रायपुर वार्डवार रिपोर्ट सार्वजनिक कर जनता के सवालों का जवाब देता है या नहीं।
