छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में मंदिर हसौद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता ने एक व्यक्ति की जिंदगी बचा ली। घर के भीतर दरवाजा बंद कर आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ, तत्परता और साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित बचा लिया। पुलिस की इस सराहनीय पहल से एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजकर 46 मिनट पर अनुज मिश्रा ने मंदिर हसौद थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कँवर को फोन के माध्यम से सूचना दी कि वार्ड क्रमांक 10, नोनी नगर, मंदिर हसौद निवासी एक व्यक्ति अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है।
मामले की गंभीरता को समझते हुए थाना प्रभारी ने बिना समय गंवाए तत्काल पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। सहायक उप निरीक्षक विवेक कुमार बंजारे के नेतृत्व में आरक्षक राजेश वर्मा, दया साहू एवं मंजीत भट्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए अपनी सूझबूझ और साहस से आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस की इस त्वरित पहल ने साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में समय पर मिली सूचना और तत्काल कार्रवाई किसी की जिंदगी बचाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। मंदिर हसौद पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की सराहना हो रही है।
रायपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे कदम उठाने के संकेत दिखाई दें, तो इसे गंभीरता से लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर उठाया गया एक छोटा-सा कदम किसी परिवार को उजड़ने से बचा सकता है। संकट में घिरे व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और उसे उचित सहायता दिलाने का प्रयास करें।
