छत्तीसगढ़ – बिलासपुर में शनिवार को स्ट्रीट लाइट पोल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तिफरा-सिरगिट्टी जोन-2 के आदर्श नगर वार्ड क्रमांक 11 स्थित पानी टंकी के पास हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब के बीच मजदूर पोल खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान लोहे का पोल अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही पूरे पोल में करंट दौड़ गया और उसे संभाल रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घायलों में मध्यप्रदेश के मंडला जिले के रहने वाले दीपक यादव (30), मुकेश कुमार (38), सेवाराम (24), प्रहलाद चौरसिया (45) और जयंती धुर्वे शामिल हैं। सभी मजदूर ठेकेदार के माध्यम से नगर निगम के स्ट्रीट लाइट पोल लगाने के कार्य में लगे हुए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के पीछे गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मजदूरों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी गियर नहीं थे। वहीं हाईटेंशन लाइन के नीचे काम शुरू करने से पहले बिजली सप्लाई भी बंद नहीं कराई गई थी। जबकि सुरक्षा नियमों के अनुसार ऐसे कार्य से पहले संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कराना अनिवार्य होता है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
