छत्तीसगढ़ – रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 46.100 किलोग्राम गांजा के साथ दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो मोबाइल फोन और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई से गांजा तस्करी की एक पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने का दावा पुलिस ने किया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस को 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार रोड स्थित शिव मंदिर के सामने नीलगिरी प्लांटेशन के पास कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर सप्लाई के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक महिला सहित तीन संदिग्ध दोपहिया वाहन के साथ वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन के रूप में बताई। इनके कब्जे में मौजूद सुजुकी एक्सेस की तलाशी लेने पर तीन बोरियों और एक थैले में कुल 46.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई करते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा निवासी बनमाली तांडी और अनु तांडी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को सप्लाई करते थे, जहां से आगे इसकी अवैध बिक्री की जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद जिले में एनडीपीएस एक्ट के चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन के खिलाफ ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है और वह पूर्व में जेल जा चुका है।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 619/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) में मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क पर इसी तरह एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।
