रायपुर – सावन माह के पावन अवसर पर राम मिलेंगे आश्रम, तेंदूबाधाम (कुरियारी, शिवरीनारायण) में 10 अगस्त 2026 को सवा लाख पार्थिव शिवलिंग की स्थापना एवं सामूहिक पूजन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। क्षेत्र में पहली बार इतने विशाल स्तर पर आयोजित हो रहे इस आध्यात्मिक महोत्सव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण है। अनेक गांवों की माताएं और बहनें श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण में जुट चुकी हैं।

आयोजन के तहत 9 अगस्त तक श्रद्धालु अपने हाथों से निर्मित पार्थिव शिवलिंग आश्रम में लाकर निर्धारित स्थान पर स्थापित करेंगे। इसके बाद 10 अगस्त को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक पूजन संपन्न होगा। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इस धार्मिक अभियान को सफल बनाने में अंजू गबेल विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से मालखरोदा और शक्ति क्षेत्र सहित अनेक गांवों की महिलाओं की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। आयोजन समिति का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को आस्था, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का अभियान है।

आश्रम के संस्थापक डॉ. अशोक हरिवंश ने सभी श्रद्धालुओं से अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग बनाकर आश्रम को समर्पित करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त से 24 अगस्त तक प्रतिदिन श्रद्धालु पार्थिव शिवलिंग के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे। सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंगों का विसर्जन उत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी को भी कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में आने का पूरा प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
डॉ. अशोक हरिवंश ने बताया कि इस भव्य आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करने में उनकी सहयोगी दीप्ति अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी सहयोगियों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

राम मिलेंगे आश्रम में आयोजित होने वाला यह सावन महोत्सव क्षेत्र में आस्था, सामाजिक सहभागिता और सनातन संस्कृति का एक ऐतिहासिक उत्सव बनने की ओर अग्रसर है।
