रायपुर – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत का 191.525 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों, जो रिश्ते में पिता-पुत्र हैं, को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी भारी मशीनरी से लदे ट्रक में सात बोरियों के भीतर गांजा छिपाकर ओडिशा से नागपुर की ओर तस्करी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
विश्वसनीय सूचना मिलने पर लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड पर नाकेबंदी की गई। इसी दौरान पश्चिम बंगाल नंबर WB-23G-1390 अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पहली नजर में ट्रक में केवल भारी मशीनरी दिखाई दी, लेकिन पुलिस ने गहन जांच की तो मशीनों के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई सात बोरियों से 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद लाल (36 वर्ष) और उसके पुत्र मोहम्मद रूस्तम (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रहकर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर पहुंचाने जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों और इनके नेटवर्क पर पिछले लगभग एक माह से गोपनीय निगरानी रखी जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से नाकेबंदी कर इस बड़ी खेप को पकड़ा गया।
आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और उसमें लदी भारी मशीनरी भी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क, सप्लायर, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड जांच जारी है और पूरे गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.22 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, प्रतिबंधित दवाएं, वाहन, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
