छत्तीसगढ़ – रायपुर के नकटी गांव में बेदखली की कार्रवाई के बीच प्रभावित परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिला प्रशासन ने 75 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा और सभी के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जा रही है।
एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में बसाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। परिवारों को पहले अस्थायी रूप से और बाद में स्थायी रूप से आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए आवंटन की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

गौरतलब है कि नकटी गांव में सरकारी जमीन पर बने मकानों को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा है। इसी बीच पुनर्वास की घोषणा से प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रशासन का दावा है कि सभी पात्र परिवारों को नियमानुसार आवास उपलब्ध कराया जाएगा ताकि किसी को भी रहने की समस्या का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुनर्वास प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और सभी प्रभावित परिवारों को नया रायपुर में बेहतर सुविधाओं वाले ईडब्ल्यूएस आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुनर्वास की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है और प्रभावित परिवारों को कब तक नए आवासों का कब्जा मिलता है।
