रायपुर – छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस स्मार्ट मीटर के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने अब जेन-जी और अल्फा जनरेशन से भी इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि स्कूली बच्चों और युवाओं से अपील की जा रही है कि वे अपने-अपने माता-पिता से स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह करें। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है।
कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘‘महतारी वंदन वसूली योजना’’ करार दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में फॉर्म लेकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
‘पेपर लीक के खिलाफ छात्रों ने खड़ी की थी आवाज’
विकास उपाध्याय ने कहा कि देश में पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों ने जिस तरह आवाज बुलंद की थी, उसी तरह छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर के खिलाफ भी व्यापक जनभागीदारी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के विरोध में छात्रों के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों ने आंदोलन में भागीदारी की थी।
उन्होंने दावा किया कि आज स्मार्ट मीटर को लेकर भी आम लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है और इस मुद्दे पर लोगों को एकजुट होकर सरकार के सामने अपनी बात रखनी चाहिए।
‘हर वर्ग को हो रही परेशानी’—कांग्रेस
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के कारण समाज का कोई भी वर्ग प्रभावित होने से अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य लोगों की सहमति के आधार पर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को मजबूती देना है। इसी उद्देश्य से घर-घर संपर्क और सहमति फॉर्म भरवाने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “स्मार्ट मीटर के खिलाफ लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं की लड़ाई है। इसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है।”
इस दौरान अशोक ठाकुर, देवेंद्र साहू, सोमन लाल ठाकुर, भारत यदु, दुसांत साहू, हसरत खान, उमेश ठाकरे, राजेश शर्मा, मनोज महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
