रायपुर – आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। 15 अगस्त के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए कमिश्नरेट के मध्य, नॉर्थ और पश्चिम—तीनों जोन में एक साथ व्यापक नाकेबंदी एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। रात 8:30 बजे से 11:30 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने मोर्चा संभाला।

पूरे अभियान के तहत कुल 43 चेकिंग पॉइंट बनाए गए, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों और बाहरी आगंतुकों का सत्यापन भी किया। चेकिंग के दौरान बिना नंबर के वाहन, संदिग्ध नंबर प्लेट, संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर विशेष नजर रखी गई।
मध्य जोन में 14 जगहों पर नाकेबंदी
मध्य जोन के कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, देवेंद्रनगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में कुल 14 चेकिंग पॉइंट बनाए गए। इनमें चांदनी चौक, कोतवाली चौक, जयस्तंभ चौक, मजार चौक, शारदा चौक, तेलघानी नाका, गोवर्धन चौक, लाल चौक, फूंडहर चौक और अग्रसेन चौक जैसे प्रमुख स्थान शामिल रहे।
नॉर्थ जोन में 11 पॉइंट पर सख्त जांच
नॉर्थ जोन में खमतराई, पंडरी, खमारडीह, उरला, गुड़ियारी और रामनगर चौकी क्षेत्र में 11 स्थानों पर नाकेबंदी की गई। खमतराई चौक, बंजारी चौक, विज्ञान केंद्र के पास, शंकर नगर चौक, कनहेरा चौक, सिंघानिया चौक, भारत माता चौक, पड़ाव और कबीर चौक सहित प्रमुख मार्गों पर पुलिस ने वाहनों की जांच की।

पश्चिम जोन में सबसे ज्यादा 18 चेकिंग पॉइंट
पश्चिम जोन में सुरक्षा व्यवस्था सबसे व्यापक रही, जहां 18 स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए। आजाद चौक, राजेंद्र नगर, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, सरस्वती नगर, टिकरापारा, कबीर नगर और मुजगहन थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया।
टाटीबंध चौक, लालपुर चौक, महादेवघाट, लाखेनगर चौक, भाठागांव, मोहबाबाजार, जगन्नाथ चौक, अंबेडकर चौक और धमतरी रोड एक्सप्रेस-वे जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही।
सुरक्षा में कोई चूक नहीं
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का यह विशेष अभियान आगामी स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी संभावित आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शहर के प्रवेश और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की कड़ी निगरानी से अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने की कोशिश की जा रही है।

15 अगस्त से पहले रायपुर में सुरक्षा का पहरा और कड़ा कर दिया गया है। कुल 43 चेकिंग पॉइंट पर पुलिस की नजर—हर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की हो रही जांच।
