रायपुर – 2022 बैच के IPS अधिकारी राहुल बंसल के EWS श्रेणी के दावे और प्रमाणपत्र की वैधता को लेकर भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) में शिकायत दर्ज कराई गई है। आरटीआई एवं सोशल एक्टिविस्ट कुणाल शुक्ला ने ऑनलाइन शिकायत के जरिए संबंधित दस्तावेजों और EWS पात्रता की जांच की मांग की है।
शिकायत में मांग की गई है कि UPSC में प्रस्तुत किए गए EWS प्रमाणपत्र की जांच के साथ-साथ उसके जारी होने की प्रक्रिया और संबंधित वित्तीय वर्ष में राहुल बंसल की आय एवं संपत्ति की स्थिति की भी पड़ताल की जाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि EWS श्रेणी के लिए निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुरूप प्रमाणपत्र जारी हुआ था या नहीं, इसकी स्वतंत्र जांच जरूरी है।

इस मामले में DOPT में दर्ज शिकायत का क्रमांक DOPAT/E/2026/0010832 बताया गया है। शिकायत में प्रमाणपत्र की वैधता से जुड़े रिकॉर्ड और उस समय की आर्थिक पात्रता का परीक्षण करने की मांग की गई है।
अब जांच की कार्रवाई पर नजर
शिकायत दर्ज होने के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि DOPT इस मामले में क्या कदम उठाता है। यदि विभाग शिकायत को जांच के लिए स्वीकार करता है तो संबंधित प्रमाणपत्र, उसके जारी करने वाले प्राधिकारी के रिकॉर्ड तथा UPSC में प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ सकती है।

राहुल बंसल का नाम इससे पहले हवाला रिश्वत मामले को लेकर भी चर्चा में रहा है। ऐसे में EWS प्रमाणपत्र को लेकर सामने आई यह शिकायत मामले को और संवेदनशील बना रही है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता का निर्धारण संबंधित सक्षम जांच एजेंसी अथवा विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगा।
शिकायतकर्ता कुणाल शुक्ला ने DOPT से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर EWS प्रमाणपत्र की वैधता और पात्रता से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने की मांग की है।
अब सवाल यही है—DOPT इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और क्या EWS प्रमाणपत्र की पात्रता की पूरी जांच होगी?
