रायपुर – स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा एवं निगरानी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों से लेकर होटल-लॉज और संवेदनशील इलाकों तक निगरानी बढ़ा दी है।

24 घंटे नाकेबंदी, हर वाहन पर पैनी नजर
सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।
होटल-लॉज से लेकर संवेदनशील इलाकों तक जांच
पुलिस टीमों द्वारा होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन जांच की जा रही है। संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों की भी जांच कर आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आईटीएमएस और ड्रोन से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से भी मजबूत किया गया है। आईटीएमएस के माध्यम से वाहनों और यातायात गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, शहर के महत्वपूर्ण इलाकों में ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा व्यवस्था में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस बल शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैनात रहकर कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर शहर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
