रायपुर – देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनसंपर्क संचालनालय, छोटापारा रायपुर में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनसंपर्क आयुक्त श्री रजत बंसल ने राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया।
ध्वजारोहण के पश्चात आयुक्त रजत बंसल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बंसल ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र की रक्षा और गौरव के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।

जनसंपर्क आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी प्रभावी एवं सरल तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन और जनता के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए।
समारोह में जनसंपर्क संचालनालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
