रायपुर – टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा स्थित श्री गुरू ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले ज्वेलरी दुकान की रेकी की और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना के मास्टरमाइंड के रूप में लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव उर्फ मोनी की पहचान हुई है। लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे भी वारदात में शामिल थी।
घटना 10 अगस्त की सुबह सामने आई, जब दुकान संचालक निमाई डोन्डा को चोरी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान की दीवार टूटी मिली और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। रिपोर्ट पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 722/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुडिया की मॉनिटरिंग में 10 से अधिक पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की थी। घटना के दौरान एम. मोहन राव और मिराज आलम दुकान में प्रवेश कर चोरी कर रहे थे, जबकि लोकेश राव बाहर से गतिविधियों पर नजर रख रहा था। चोरी के बाद जेवरात को आरोपियों ने आपस में बांट लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो किलोग्राम चांदी के जेवरात, सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में एम. मोहन राव का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक वह पूर्व में हत्या के चार और चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है तथा हत्या के एक प्रकरण में 10 वर्ष की सजा भी काट चुका है। वहीं लोकेश राव के खिलाफ दुर्ग जिले के भट्ठी और भिलाई क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज बताए गए हैं। उसकी पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे भी पूर्व में टिकरापारा थाने के एक मामले में जेल जा चुकी है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
