रायपुर – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। महासमुंद की सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, वहीं छत्तीसगढ़ के युवा नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले दोनों नेताओं की नियुक्ति से प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी
युवा नेता दीपक म्हस्के का संगठन और डिजिटल क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। वे छत्तीसगढ़ भाजपा के आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी संगठन का पक्ष मजबूती से रखा है।

दीपक म्हस्के CGMSC के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन, मीडिया और सोशल मीडिया के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया संयोजक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान
वहीं महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय संगठन में कद और मजबूत हुआ है। सांसद के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने वाली रूप कुमारी चौधरी अब देशभर में भाजपा के महिला संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी संभालेंगी।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम को लेकर पार्टी नेताओं ने कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा के बेहतर समन्वय से संगठन को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नई टीम संगठन को और मजबूत करते हुए विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी।

छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी ने यह संकेत भी दिया है कि भाजपा के केंद्रीय संगठन में प्रदेश की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
