रायपुर – मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट की सनसनीखेज घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं को अकेला देखकर साइकिल से उनका पीछा करता था। 21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास पानी से भरे खाली प्लॉट में मिली महिला की लाश के मामले में जांच आगे बढ़ी तो वारदात के पीछे एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली कहानी सामने आई।
पुलिस ने सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने और इसके बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला को अकेले जाते देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। बाद में उसे पकड़कर झूमाझटकी की और घटनास्थल के पास पानी में गिरा दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया और फिर गला दबाने तथा मुंह-नाक पानी में डुबोकर उसकी जान ले ली। आरोपी मृतिका का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन पुलिस की 8 से अधिक टीमों को जांच में लगाया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। मृतिका के परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही पुराने अपराधों में शामिल और हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की गई। इसी दौरान पुलिस को देवेन्द्र के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 5 अगस्त को सेजबहार में एक अन्य महिला को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। महिला घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने पीछे से पहुंचकर अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। उसने महिला को नाली में धक्का देकर गिराया और मारपीट करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला।
जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मुजगहन थाने में वर्ष 2017 में दर्ज दुष्कर्म, पॉक्सो और अन्य गंभीर धाराओं के मामले में आरोपी को न्यायालय ने 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त साइकिल और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुडिया की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
