रायपुर – इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) में प्रवेश की प्रक्रिया तेज हो गई है। नवीन शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित ऑनलाइन काउंसलिंग में पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन कर दिया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण 20 से 22 अगस्त 2026 तक कृषि महाविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा। दस्तावेज परीक्षण का समय सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, आवंटित प्रोविजनल सीट को सुरक्षित करने के लिए अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
काउंसलिंग समिति की अध्यक्ष एवं कृषि महाविद्यालय रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने बताया कि सीट आवंटन के बाद यदि कोई चयनित अभ्यर्थी किसी कारणवश अपनी सीट सुरक्षित नहीं कर पाता और काउंसलिंग के आगामी चरण में शामिल होना चाहता है, तो उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिन अभ्यर्थियों को अभी तक कोई सीट आवंटित नहीं हुई है, वे भी 20 से 24 अगस्त की रात 11:30 बजे तक स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसी तरह, यदि कोई अभ्यर्थी आवंटित सीट को सुरक्षित करने के बाद उसे निरस्त करना चाहता है और आगे की किसी भी काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहता, तो वह 24 अगस्त की रात 11:30 बजे तक सीट निरस्त कर सकता है।
विश्वविद्यालय की ओर से 25 अगस्त 2026 को आवंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी दिन स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
स्पॉट काउंसलिंग के तहत प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को तत्काल दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा।
वहीं, कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय आवंटन के साथ तत्काल दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 को कृषि महाविद्यालय रायपुर में होगी।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसलिंग प्रक्रिया, सीट आवंटन, दस्तावेज परीक्षण, फीस जमा करने और आगामी चरणों से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igkv.ac.in का नियमित रूप से अवलोकन करें।
