रायपुर – छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 31 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है।

सबसे बड़ा बदलाव DG पवन देव की जिम्मेदारी में किया गया है। करीब छह साल बाद उनका विभाग बदला गया है। उन्हें अब नगर सेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से एक ही विभाग में जिम्मेदारी संभाल रहे पवन देव के तबादले को पुलिस विभाग में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
इसी तरह गुरजिंदर पाल सिंह को पुलिस प्रशिक्षण एवं राज्य पुलिस अकादमी का महानिदेशक (DG) बनाया गया है। उनके अनुभव का उपयोग पुलिस प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने में किए जाने की उम्मीद है।

वहीं, वरिष्ठ IPS अधिकारी एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का प्रबंध संचालक (MD) नियुक्त किया गया है। उनकी नई जिम्मेदारी पुलिस विभाग से जुड़े आवासीय एवं निर्माण कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसके अलावा प्रदीप गुप्ता को प्रशासन एवं चयन का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें अभियोजन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। नई जिम्मेदारियों के साथ प्रशासनिक व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

राज्य सरकार द्वारा किए गए इस व्यापक फेरबदल को पुलिस विभाग में प्रशासनिक कसावट और जिम्मेदारियों के पुनर्गठन से जोड़कर देखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद आने वाले दिनों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में भी बदलाव दिखाई देने की संभावना है।
