छत्तीसगढ़ – ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत का 400 किलो गांजा बरामद किया है। देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेक पोस्ट पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांजा से भरे आयशर वाहन को पकड़ा। मामले में महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में जिले के अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर संदिग्ध वाहनों की लगातार निगरानी एवं सघन जांच की जा रही है। इसी दौरान नेशनल हाईवे-130 C स्थित खुटगांव चेक पोस्ट पर देवभोग पुलिस टीम ने ओडिशा की ओर से आ रहे नारंगी रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर जांच की।
वाहन की छत पर तिरपाल से ढके पैकेट पुलिस को संदिग्ध लगे। तिरपाल हटाकर तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके आगे नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 पर दो लोग रास्ता बताते हुए चल रहे हैं।

पुलिस ने तत्काल मोटरसाइकिल की तलाश कर उसमें सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को पकड़ा। मौके पर विधिवत तलाशी एवं जप्ती की कार्रवाई में आयशर वाहन से कुल 400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 400 किलो गांजा, 1.50 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, आयशर वाहन और मोटरसाइकिल जब्त की। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के ग्राम डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त करना बताया।

मामले की कड़ियां जोड़ते हुए गरियाबंद पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजा के क्रय-विक्रय में इस्तेमाल किए जा रहे 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह कार्रवाई में कुल 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तीन महाराष्ट्र और दो ओडिशा के रहने वाले हैं। पांचों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार की जा रही कार्रवाई से ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए दूसरे राज्यों तक संचालित नशे के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है।
