रायपुर – छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जी.पी. सिंह ने महानिदेशक प्रशिक्षण, पुलिस मुख्यालय तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक का कार्यभार संभाल लिया है। नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जी.पी. सिंह ने अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में संचालित पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, आधारभूत संरचना और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बदलते समय की पुलिसिंग चुनौतियों के अनुरूप बेहतर और आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अकादमी में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति और आवश्यकताओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जी.पी. सिंह ने कहा कि पुलिस बल को मजबूत बनाने में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की अहम भूमिका है। प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि व्यवहारिक और आधुनिक तकनीकों से जुड़ा होना चाहिए, ताकि पुलिस अधिकारी और जवान वास्तविक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
उन्होंने अकादमी की विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रभावी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जी.पी. सिंह के कार्यभार संभालने के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव सहित अकादमी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नई जिम्मेदारी के साथ अब राज्य की पुलिस प्रशिक्षण व्यवस्था में आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण क्षमता निर्माण को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
