जशपुर – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस के चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 520 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। कार्रवाई में एक महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये तथा वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इस तरह पूरी कार्रवाई में लगभग 3 करोड़ रुपये की जब्ती हुई है। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

कुनकुरी में 494 किलो गांजा बरामद
कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की सोल्ड बोलेरो पिकअप संदिग्ध लगी। पुलिस ने थाना के सामने वाहन को घेरकर रोका। तलाशी के दौरान सब्जी की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियां मिलीं।
बोरियों की जांच में पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 246 किलो गांजा पाया गया। वाहन में सवार अनवर अंसारी (45), निवासी रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी (26), निवासी कैमूर, बिहार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इसी दौरान पुलिस को बिना नंबर की एक सोल्ड किया हुआ सेल्टोस वाहन तेज रफ्तार में गुजरता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आते देख चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। तलाशी में सेल्टोस से 20 बैगों में रखे 120 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 248 किलो गांजा मिला। इस प्रकार अकेले कुनकुरी थाना क्षेत्र से 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
नारायणपुर में महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
नारायणपुर थाना पुलिस को 27 अगस्त को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोका।
कार की डिक्की की तलाशी लेने पर छिपाकर रखे 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार कमल किशोर ओझा (56), निवासी शिवपुरी और अनिता सोनी (35), निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा समेत तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक फैले नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों मामलों में पकड़े गए आरोपी गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में किस सप्लायर से लिया गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
जशपुर पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए सप्लायर, खरीदार और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
करीब 3 करोड़ की जब्ती
जशपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 520 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपये, और तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये, जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती लगभग 3 करोड़ रुपये की है।

एसएसपी ने कहा—ऑपरेशन आघात रहेगा जारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस ने कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर गांजा तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह और डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। कुनकुरी एवं नारायणपुर थाना पुलिस की टीमों ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
