छत्तीसगढ़ – नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बागबहार पुलिस ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 60 किलो अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करीब 30 लाख रुपये, जबकि वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। यानी कार्रवाई में कुल करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर वैन्यू कार में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। लेकिन जशपुर की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस के मजबूत मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी ने उसकी राह रोक दी।
गांधी चौक पर घेराबंदी, डिक्की खुलते ही खुला राज
31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और बागबहार पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी शुरू कर दी।
इसी दौरान गांधी चौक, बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27) बताया। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का निवासी है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में रह रहा था।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई तो डिक्की में प्लास्टिक टेप से लिपटे 60 पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच की गई तो उनमें करीब 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उड़ीसा से यूपी तक पहुंचाना था माल
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। हालांकि गांजा उसे किस व्यक्ति से मिला और यूपी में किसके पास इसकी डिलीवरी होनी थी, इसका खुलासा अभी जांच का विषय है।
जशपुर पुलिस अब मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, रिसीवर और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
60 किलो गांजा और कार, 40 लाख की जब्ती
कार्रवाई में पुलिस ने करीब 60 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है, तथा गांजा तस्करी में प्रयुक्त वैन्यू कार, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की है। कुल जब्ती करीब 40 लाख रुपये की है।
आरोपी विकास चौधरी के खिलाफ थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसएसपी बोले- नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कोशिश
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी है। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को मजबूत और सक्रिय किया है तथा तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बागबहार क्षेत्र में करीब 60 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलिस एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक पवन पैंकरा सहित जशपुर पुलिस की साइबर/टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
