रायपुर – राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाने से पहले ही पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना इलाके में ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बनाकर हथियारों के साथ जुटे आरोपियों को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह क्षेत्र के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों में धारदार हथियार लेकर बैठे हैं और लूट-डकैती की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मैदान में बैठे युवक भागने लगे। टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान महेश धीवर, नितिन उर्फ सोनू बैस, खेमलाल सेन, लक्ष्मण साहू और पियुष कुमार साहू के रूप में हुई।
हथियारों का जखीरा मिला
पुलिस ने आरोपियों और उनके वाहनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 2 बटनदार धारदार चाकू, एक बड़ा स्टील चाकू, 2 कैंची और एक स्टील पाइप बरामद हुआ। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन और दो वाहन—होंडा क्रमांक CG 04 QT 4258 तथा टाटा एस डीआई क्रमांक CG 04 JD 9030 भी जब्त किए गए।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर कचना क्षेत्र के आसपास स्थित किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती करने की योजना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस की तत्परता से योजना वारदात में तब्दील होने से पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 348/26, धारा 310(4) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण साहू पूर्व में आबकारी एक्ट और मारपीट के मामलों में खम्हारडीह थाने से जेल जा चुका है। वहीं खेमलाल सेन भी पूर्व में मारपीट के मामले में जेल निरुद्ध रह चुका है।
पांचों आरोपी खम्हारडीह क्षेत्र के कचना और आसपास के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने ज्वेलर्स शॉप को कैसे चिन्हित किया था और इनके साथ इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
