रायपुर – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा सत्र शुरू हुए 4 महीना हो गया सरकार बच्चों को स्कूलों में सुविधाएं नहीं दे पा रही। अभी तक दो दर्जन से अधिक जगहों पर बच्चे, शाला भवन, किताब-काॅपी की मांग तथा शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर चुके है। कल ही सरगुजा के शिवपुर के एकलव्य विद्यालय की छात्राएं अपनी मांगों को लेकर 40 किमी पैदल चल कर कलेक्टर से मिलने निकल गयी। इनके विद्यालय में 3 माह से बिजली बंद है, मेस में ठीक से खाना नहीं मिल रहा है। शिक्षक की कमी है, पढ़ाई नहीं हो रही है। शर्मनाक है कि शिक्षा मंत्री समस्या दूर करने की बजाय बच्चों के आंदोलनों को कांग्रेस के द्वारा कराया जा रहा बताते है।
प्रदेश की सड़कें बदहाल हो गयी है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में एक भी ऐसी सड़क नहीं बची है जिस पर आप आसानी से चल सके। सड़कों में बड़े गड्ढे हो गये है। राजधानी रायपुर से बस्तर, सरगुजा, जशपुर सभी जगह सड़कों की हालत बहुत खराब है। आम आदमी सड़कों की बदहाली को लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहा। राजधानी में सड़कों की बदहाली दिखाने के लिए एक पत्रकार को जेल भेज दिया गया। ढाई सालों में भाजपा की सरकार ने न एक नई सड़क बनाया और न ही सड़कों की रूटीन मरम्मत करवाया। इनकी नाकामी से आम आदमी परेशान है। सड़के, सरकार के विकास का आईना होती है। छत्तीसगढ़ की सड़के भाजपा सरकार के दागदार चेहरे को दिखा रही है।
दो संभाग के ब्लाॅक अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर संपन्न
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन सृजन के तहत कांग्रेस पार्टी के ब्लाॅक अध्यक्षों एवं जिला मास्टर ट्रेनरों का संभागीय प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम चल रहा है। बस्तर के बाद दुर्ग संभाग की ट्रेनिंग पूरी हो गयी है। अगले चरण में बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर संभाग के ब्लाॅक अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा। इसके बाद हम अपने मंडल और बूथ कमेटियों का प्रशिक्षण करेंगे। विधानसभा चुनाव 2028 और लोकसभा चुनाव 2029 को लेकर हम अपना मजबूत सांगठनिक ढांचा तैयार कर रहे। हमारा लक्ष्य 2028 में राज्य में कांग्रेस की सरकार और 2029 में देश में कांग्रेस की सरकार बनाना और राहुल जी को प्रधानमंत्री बनाना है।
पुराने प्रभारी सचिन पायलट के मार्गदर्शन में मजबूत हुये, नये प्रभारी सुखदेव भगत के नेतृत्व में और लड़ाई तेज करेंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नये प्रभारी सुखदेव भगत जी के नेतृत्व में हम संगठन को और मजबूत करेंगे तथा भाजपा के कुशासन के खिलाफ लड़ाई और तेज करेंगे। श्री सचिन पायलट जी के मार्गदर्शन में हमने सवा दो साल तक संगठन को मजबूत बनाया। संगठन सृजन के माध्यम से जिलाध्यक्षों, ब्लाॅक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों से लेकर बूथ एवं ग्राम समितियों का निर्माण किया। कानून व्यवस्था, महिला अत्याचार, किसानों की समस्या, बिजली के दाम में बढ़ोत्तरी जैसे विषयों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। छत्तीसगढ़ कांग्रेस, सचिन पायलट जी को धन्यवाद देती है हम उनके आभारी है। नये प्रभारी सुखदेव भगत जी के अनुभव और उनके मार्गदर्शन में हम और बेतहर काम करने का संकल्प लेते है।
सरकार दिल्ली हादसे से सबक ले
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि दिल्ली में पुरानी बिल्डिंग गिरने से 7 बच्चों की मौत हो गयी, बड़ी संख्या में बच्चे अभी भी मलबे में है। हमारी मांग है कि दिल्ली हादसे से सरकार सबक ले और राजधानी रायपुर सहित सभी बड़े शहरों के पुराने भवनों का आडिट करवाया जाए। कोचिंग और शैक्षणिक संस्थान वाले भवनों का फायर आडिट करवाया जाए। दुर्घटनाएं बता कर नहीं आती सरकार इस मामले में गंभीरता बरते।
