रायपुर – गणेश चतुर्थी पर्व से पहले राजधानी की सड़कों को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मोर्चा संभाल लिया है। सुगम और सुरक्षित यातायात के लिए यातायात पुलिस तथा नगर निगम की टीम प्रहरी ने शहर के प्रमुख मार्गों पर संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के तहत कोतवाली चौक से मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक लगातार दो दिनों तक कार्रवाई की गई। सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वाले 50 से अधिक दुकानदारों पर कार्रवाई हुई।

अभियान के दौरान 4 ठेले, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 5 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए गए। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से 4 हजार रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया।
लोधीपारा से मंडी गेट तक चला बुलडोजर
गणेश चतुर्थी के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग पर भी बड़ी कार्रवाई की गई। यहां सड़क पर किए गए 3 अवैध अस्थाई अतिक्रमणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। वहीं 11 दुकानों से अवैध प्रचार सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई के बाद इस मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या खत्म हुई और यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई।
सड़क पर कब्जा किया तो होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखते हुए सड़क, फुटपाथ और डिवाइडर को बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।

यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ या डिवाइडर पर सामान और प्रचार सामग्री रखकर यातायात बाधित न करें। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
