रायपुर – पुरानी बस्ती इलाके के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी के मामले में दो आरोपियों के साथ विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत करीब 4.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया मेस्ट्रो वाहन भी जब्त किया गया है।

मामला मलसाय तालाब के पास कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स का है। दुकान संचालक अजय मंडल ने पुलिस को बताया कि वह 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन 1 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा मिला। शटर जमीन से उठा हुआ था। अंदर जाकर सामान की जांच की तो चांदी के कई जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुड़िया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
पुराने चोरों की कुंडली खंगाली तो मिला सुराग
पुलिस ने वारदात के तरीके को देखते हुए पुराने नकबजनों और हाल ही में जेल से छूटे आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कबीर नगर निवासी संजय चौहान को वारदात वाली रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था।
पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर न्यू नंदी ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने चोरी के कुछ जेवरात अपने साथी होरी लाल पंकज को खपाने के लिए देने की बात भी कबूल की। इसके बाद पुलिस ने होरी लाल पंकज और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ लिया।
शातिर चोर निकला मास्टरमाइंड
पुलिस के मुताबिक आरोपी संजय चौहान पहले भी चोरी और नकबजनी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ रायपुर के डी.डी. नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।

वहीं दूसरे आरोपी होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। पुलिस अब उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी करेगी।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास सहित वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो दोपहिया वाहन जब्त किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।
