रायपुर – माना नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पंचायत ने एक अहम पहल शुरू की है। नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-12 में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नहर के रास्ते से लेकर हिंदू मुक्तिधाम के आसपास तक सफाई कर क्षेत्र को गंदगी से मुक्त करने का काम किया जा रहा है। लंबे समय से इस इलाके में जमा कचरे और गंदगी की समस्या को देखते हुए नगर पंचायत ने अब इसे प्राथमिकता के साथ लिया है।

हिंदू मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग के आसपास पिछले कुछ समय से सड़क किनारे कूड़ा-कचरा फेंके जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय दुकानदारों और कुछ लोगों द्वारा घरेलू कचरे के साथ-साथ मांस-मछली का अपशिष्ट भी सड़क किनारे फेंके जाने से यहां गंदगी का अंबार लग जाता था। इसके चलते राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। मांस-मछली का अपशिष्ट खुले में पड़े रहने से जंगली जानवरों के आने का खतरा भी बना रहता था, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी।
स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या को लेकर पहले भी माना नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और नगर पंचायत अध्यक्ष से शिकायत की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत की ओर से पहले भी कई बार सफाई कराई गई। हालांकि सफाई के कुछ समय बाद दोबारा सड़क किनारे कचरा फेंके जाने से समस्या फिर खड़ी हो जाती थी।

अब नगर पंचायत ने सफाई के साथ-साथ गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती करने का फैसला लिया है। CMO सौरभ बाजपेयी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वार्ड क्रमांक-12 में हिंदू मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग पर यदि कोई दुकानदार या आम नागरिक कचरा फेंकते हुए पाया गया अथवा उसके द्वारा कचरा फेंके जाने की जानकारी सामने आती है, तो उसके खिलाफ 5 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
CMO सौरभ बाजपेयी ने कहा कि केवल सफाई अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता को स्थायी बनाना जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क किनारे कचरा न फेंकें और नगर पंचायत द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करें। उन्होंने कहा कि माना कैंप को स्वच्छ और सुंदर नगर के रूप में विकसित करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।
लाखों रुपये से बदलेगी मुक्तिधाम मार्ग की तस्वीर
सफाई अभियान के साथ नगर पंचायत आने वाले दिनों में हिंदू मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग के सौंदर्यीकरण की भी तैयारी कर रही है। CMO सौरभ बाजपेयी के मुताबिक इस मार्ग पर करीब लाखों रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा। सड़क के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित करने, स्वच्छ वातावरण तैयार करने और लोगों के लिए बेहतर आवागमन की सुविधा विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

नगर पंचायत की इस पहल से वार्ड क्रमांक-12 के साथ ही माना कैंप क्षेत्र के लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। यदि सफाई के साथ नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और सड़क किनारे कचरा फेंकना बंद करें, तो मुक्तिधाम मार्ग की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।
नगर पंचायत का लक्ष्य सिर्फ कचरा हटाना नहीं, बल्कि माना कैंप को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला क्षेत्र बनाना है। वार्ड-12 से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में पूरे क्षेत्र के लिए स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की नई मिसाल बन सकता है।
