छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरतराई के साहू पारा में रविवार रात दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई है। एक युवक ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल रेफर किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान भुनेश्वर कुमार साहू (34) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र के सियानमारा-बेलौदी का रहने वाला बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह के चलते पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद भुनेश्वर ने कथित तौर पर घर में इस्तेमाल होने वाले सब्जी काटने के चाकू से अपनी पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला कर दिया।

इस हमले में आरोपी की पत्नी खिलेश्वरी साहू और उसके दो बेटे आशीष साहू (10 वर्ष) तथा ज्ञान साहू (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए मेकाहारा भेजा है।
वारदात के बाद इलाके में मचा हड़कंप
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की खबर सामने आते ही डूमरतराई के साहू पारा में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्ट्या मामला पत्नी के चरित्र को लेकर उपजे विवाद का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के पीछे की पूरी वजह और वारदात के क्रम को स्पष्ट करने के लिए आरोपी से पूछताछ तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। फिलहाल माना थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
एक परिवार के तीन लोगों की मौत और आरोपी के खुद घायल होने की इस घटना ने राजधानी रायपुर को झकझोर कर रख दिया है।
