रायपुर- गणेश पर्व के मद्देनजर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्र में विवाद, मारपीट और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पेट्रोलिंग और निगरानी के दौरान 14 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी 14 को जेल निरुद्ध कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी तथा एसडीओपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, आगामी गणेश पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों को पेट्रोलिंग और निगरानी के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान पुलिस टीम ने ऐसे लोगों को चिन्हांकित किया, जिनसे क्षेत्र में जबरन वाद-विवाद, लड़ाई-झगड़े और मारपीट जैसी घटनाओं की आशंका थी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और कुल 14 लोगों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। इनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सभी को एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
SDM कोर्ट से जेल वारंट, 14 पहुंचे जेल
न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जेल वारंट जारी किया गया। इसके बाद पुलिस ने सभी 14 असामाजिक तत्वों को जेल निरुद्ध कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई को आगामी गणेश उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि पर्व के दौरान किसी भी तरह का उपद्रव, विवाद या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लगातार जारी रहेगी निगरानी
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने कहा है कि गणेश पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ ही उपद्रवी एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि गणेश पर्व के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पहले ही सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
