रायपुर – अवैध शराब के खिलाफ रायपुर ग्रामीण पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आरंग पुलिस ने अवैध शराब के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लग्जरी आर्टिका कार में परिवहन की जा रही 160 पाव देशी मसाला शराब, कुल 28.800 बल्क लीटर, बरामद की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 16 हजार रुपये, जबकि शराब परिवहन में इस्तेमाल आर्टिका कार की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कुल 8.16 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में सरकारी शराब दुकान का सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टी वर्कर शामिल हैं। इसके अलावा एक सरकारी शिक्षक और वाहन चालक समेत अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, आर्टिका से निकली शराब
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर 2026 को थाना आरंग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की आर्टिका कार क्रमांक CG 04 QB 5200 में ग्राम गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब भरकर ग्राम रानीसागर की ओर अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध आर्टिका कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। कार में चालक सहित छह लोग सवार थे।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 160 नग पाव देशी मसाला शराब मिली। शराब की कुल मात्रा 28.800 बल्क लीटर और कीमत करीब 16,000 रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने शराब को अवैध बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।
सरकारी दुकान के कर्मचारी ही बने अवैध शराब के सप्लायर!
पूछताछ में सामने आए आरोपियों की भूमिका ने पुलिस को भी चौंका दिया। गिरफ्तार आरोपियों में गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर उबारन दास पुरेना, मल्टी वर्कर सुरेश बांधे और सेल्समैन राजेश काटले शामिल हैं। वहीं ग्राम अमोदी में शिक्षक के रूप में पदस्थ तिरीत राम बांधे भी इस मामले में पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार सरकारी शराब दुकान से जुड़े कर्मचारियों द्वारा ही शराब को अवैध रूप से खपाने का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी नरेश साहू ने बताया कि शराब दुकान के कर्मचारी शासन को चूना लगाकर अवैध बिक्री और परिवहन में शामिल पाए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
8.16 लाख की संपत्ति जब्त, आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
आरंग पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त आर्टिका कार को भी जब्त कर लिया है। कार की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है। शराब और वाहन समेत कुल जब्ती 8,16,000 रुपये की बताई गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब अवैध शराब के इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी
उबारन दास पुरेना, 34 वर्ष — गुल्लू शराब दुकान सुपरवाइजर
सुरेश बांधे, 36 वर्ष — गुल्लू शराब दुकान मल्टी वर्कर
तिरीत राम बांधे, 45 वर्ष — अमोदी में शिक्षक
भरत रात्रे, 38 वर्ष — वाहन चालक
दिलीप कुमार कुर्रे, 50 वर्ष — निवासी अमोदी
भागवत बारले, 38 वर्ष — निवासी अमोदी
राजेश काटले, 31 वर्ष — गुल्लू शराब दुकान सेल्समैन
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में सउनि अनिल चंद्रवंशी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश बंधन, आरक्षक नियाज खान और सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
