छत्तीसगढ – धमतरी जिले से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुरूद थाना क्षेत्र के डाही गांव में शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि दोस्तों ने ही अपने साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के दौरान मौजूद अन्य दोस्त तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बीच-बचाव की कोशिश नहीं की।
जानकारी के मुताबिक, मृतक हुलास मंडावी महाराष्ट्र में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी मनाने अपने गांव डाही आया था। सोमवार रात वह अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने हुलास मंडावी पर बल्ली और पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से हुलास की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वहां मौजूद अन्य दोस्त पूरी घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने भी हुलास को बचाने या हमलावरों को रोकने का प्रयास नहीं किया।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 नाबालिगों समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गया। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
