रायपुर – ग्रामोद्योग विभाग के सचिव एवं आईएएस अधिकारी राजेश सिंह राणा ने विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर पीएम एकता मॉल के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में और तेजी लाने तथा 31 दिसंबर तक पीएम एकता मॉल का निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्रमिकों के साथ की भगवान विश्वकर्मा की पूजा
विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर निर्माण स्थल पर भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। खास बात यह रही कि सचिव राजेश सिंह राणा भी निर्माण कार्य में जुटे श्रमिकों के बीच पहुंचे और उनके साथ पूजा में शामिल हुए। इस दौरान श्रमिकों ने राजकीय गमछा पहनकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की।

सचिव ने श्रमिकों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। निर्माण स्थल पर मेहनत करने वाले श्रमिकों के साथ पूजा में शामिल होकर उन्होंने श्रम और श्रमिक सम्मान का संदेश दिया।
श्रमिकों से संवाद कर जानी सुविधाओं की स्थिति
पूजा-अर्चना के बाद सचिव राजेश सिंह राणा ने निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों से संवाद किया। उन्होंने श्रमिकों से उनके काम, सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण परियोजना को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए और उनके लिए आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए।
समय-सीमा के साथ गुणवत्ता पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि पीएम एकता मॉल एक महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए निर्माण से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण की प्रगति की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजना को पूर्ण करने पर भी जोर दिया।

श्रमिक सम्मान की मिसाल बना विश्वकर्मा दिवस
विश्वकर्मा दिवस पर निर्माण स्थल पर श्रमिकों के साथ पूजा-अर्चना का आयोजन खास रहा। जिन मेहनतकश हाथों से पीएम एकता मॉल आकार ले रहा है, उन्हीं श्रमिकों के बीच पहुंचकर सचिव का पूजा में शामिल होना श्रम के सम्मान का सकारात्मक संदेश देता है।

पूजा के दौरान श्रमिकों का राजकीय गमछा पहनकर शामिल होना भी आयोजन का आकर्षण रहा। पूरे आयोजन में श्रमिकों के सम्मान, उनके योगदान और निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता का भाव नजर आया।
