रायपुर – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न NDPS प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत नॉर्थ, सेंट्रल और वेस्ट जोन के कुल 77 NDPS मामलों में जब्त नशीले पदार्थों को इंडस्ट्रियल Furnace में जलाकर सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। इनमें अकेले 438.764 किलोग्राम गांजा शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.15 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक नशे के खिलाफ अभियान केवल तस्करों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि जब्त सामग्री के सुरक्षित और विधिसम्मत नष्टीकरण की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, IPS के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

तीन जोन से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
सेंट्रल जोन के 37 NDPS प्रकरणों में जब्त 143.895 किलोग्राम गांजा, 2,349 टैबलेट, 9 सिरप और 228 कैप्सूल का नष्टीकरण किया गया।
वहीं नॉर्थ जोन के 19 प्रकरणों में 86.950 किलोग्राम गांजा, 1.015 किलोग्राम हशीश, 19,794 टैबलेट, 294 नग खांसी की दवाई, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल नष्ट किए गए।
इसी तरह वेस्ट जोन के 21 NDPS प्रकरणों में 207.919 किलोग्राम गांजा, 7.795 किलोग्राम डोडा और 3,630 टैबलेट का विधिवत नष्टीकरण कराया गया।
इस तरह तीनों जोन को मिलाकर 77 NDPS प्रकरणों में जब्त 438.764 किलोग्राम गांजा समेत बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत Furnace में जलाकर नष्ट किया गया।
सुरक्षा मानकों के साथ हुआ नष्टीकरण
पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई के दौरान निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। संबंधित जोन के अधिकारियों की निगरानी में जब्त मादक पदार्थों का Drug Disposal कराया गया।
वेस्ट जोन में DCP रॉबिन्सन गुड़िया, सेंट्रल जोन में DCP तारकेश्वर पटेल तथा नॉर्थ जोन में DCP दीपमाला कश्यप के पर्यवेक्षण में संबंधित मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, मादक पदार्थों की जब्ती, प्रकरणों का अनुसंधान और जब्त सामग्री के विधिवत नष्टीकरण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
