रायपुर – शहर में यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ रायपुर यातायात पुलिस आम नागरिकों की मदद और सुरक्षा के लिए भी लगातार तत्पर नजर आ रही है। इसका एक मानवीय और सराहनीय उदाहरण पचपेड़ी नाका यातायात थाना पुलिस ने पेश किया। ऑटो में छूटे सोने के जेवरात, ₹9,000 नकद और जरूरी सामान से भरे बैग को पुलिस ने CCTV फुटेज और लगातार की गई पतासाजी के जरिए खोज निकाला और महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया।
मामला 17 सितंबर 2026 का है। एक महिला घड़ी चौक से ऑटो में सवार होकर पचपेड़ी नाका पहुंची थीं। ऑटो से उतरने के दौरान उनका बैग उसी में छूट गया। बैग में ₹9,000 नकद, सोने की कान की खूंटी सहित अन्य जरूरी व्यक्तिगत सामान रखा हुआ था। बैग छूटने की जानकारी मिलते ही महिला ने यातायात थाना पचपेड़ी नाका पहुंचकर थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद यादव को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक गोविंद यादव के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस टीम ने तत्काल ऑटो की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने पचपेड़ी नाका और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में ऑटो तो नजर आया, लेकिन उसका नंबर स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तलाश नहीं छोड़ी।
फुटेज के बारीकी से विश्लेषण के दौरान ऑटो के सामने लिखा “जय महाकाल” पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा। इसी सुराग को आधार बनाकर यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग ऑटो स्टैंड और मार्गों पर लगातार पतासाजी शुरू की। करीब दो दिनों तक पुलिसकर्मियों ने संभावित ऑटो की तलाश जारी रखी।
आखिरकार 19 सितंबर को पुलिस को सफलता मिली और संबंधित ऑटो की पहचान कर उसके चालक राजा शर्मा को यातायात थाना पचपेड़ी नाका बुलाया गया। पूछताछ में चालक ने बैग उसके पास सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद बैग को थाने में महिला के सामने खोला गया।
महिला ने बैग में रखे सामान का मिलान किया तो सोने के जेवरात, ₹9,000 नकद और अन्य सभी जरूरी सामान पूरी तरह सुरक्षित मिला। अपना पूरा सामान वापस मिलने पर महिला ने रायपुर पुलिस और यातायात पुलिस टीम का आभार जताया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आरक्षक 2418 रज्जाक खान की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। यातायात पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पुलिस की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि पुलिस आम नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं में मदद के लिए संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
