छत्तीसगढ़ – भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई। प्लांट में पुशर कार में तकनीकी खराबी की जांच और कपलिंग बेल्ट से जुड़े काम के दौरान अचानक कार चल पड़ी, जिसकी चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर कट गए और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 45 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है। वह ठेका कंपनी साईकॉन में मजदूर के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 6 बजे पुशर कार में खराबी आने के बाद विनोद कुमार तकनीकी कार्य में जुटे थे। इसी दौरान अचानक पुशर कार चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर के पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही संयंत्र में हड़कंप मच गया। यूनियन नेताओं और संयंत्र के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और तकनीकी खराबी के दौरान पुशर कार अचानक कैसे चल पड़ी, इसे लेकर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार पुशर कार के कपलिंग बेल्ट से जुड़े काम में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक कार के मूव होने से वह उसकी चपेट में आ गए। हालांकि हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस हादसे ने भिलाई स्टील प्लांट में काम करने वाले ठेका मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल अधिकारियों की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, संचालन में हुई चूक या सुरक्षा मानकों से जुड़ी किसी कमी के कारण हुआ।
