रायपुर – गणेश विसर्जन झांकियों के सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को झांकी आयोजकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। C-4 भवन में दोपहर 3 बजे आयोजित बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में समितियों के आयोजकों से निर्धारित मार्ग, समय और झांकियों के क्रम का पालन करने की अपील की गई। साथ ही झांकियों को अनावश्यक रूप से रोकने से बचने, पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और सभी वॉलंटियर्स को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। आयोजकों ने इन व्यवस्थाओं को लेकर सहमति भी जताई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि झांकी के दौरान नशे का सेवन, किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाएगा। इसके अलावा आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस एवं यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया।
सदर बाजार के जर्जर भवन बने चर्चा का केंद्र
बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF अधिकारियों ने झांकी के आवागमन के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी आयोजकों को दी।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन झांकियों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव भी रखा गया। हालांकि, गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई।
इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों के साथ चर्चा की गई। समितियों ने सहमति दी कि सदर बाजार क्षेत्र में ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानक के अनुरूप रखा जाएगा। साथ ही साउंड सिस्टम के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखा जाएगा। इसके अलावा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से जारी किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी आयोजकों ने सहमति जताई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस-प्रशासन ने सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि वे अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को सभी निर्देशों की जानकारी दें और विसर्जन के दौरान प्रशासन का सहयोग करें।
विसर्जन झांकियों को लेकर हुई यह बैठक इस बात का संकेत है कि रायपुर में उत्सव के साथ-साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
