रायपुर – छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत के पहली बार रायपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन तक कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सुखदेव भगत के प्रभारी बनने से संगठन को नई ऊर्जा और ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन में कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और 2028 की तैयारी को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने हसदेव अरण्य, आदिवासी अधिकार, खनिज संपदा, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, किसान, महंगाई और मतदाता सूची जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
हसदेव और आदिवासी अधिकारों का मुद्दा प्रमुख
सुखदेव भगत ने कहा कि हसदेव अरण्य समेत कई क्षेत्रों में जंगल और खनन को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताएं सामने आती रही हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा की सहमति, वन अधिकार कानून और पेसा कानून की भावना का पर्याप्त पालन नहीं हो रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि छत्तीसगढ़ की जमीन, जंगल और खनिज यहां के लोगों से जुड़े हैं, तो खनिज आधारित विकास का वास्तविक लाभ स्थानीय आदिवासी और प्रभावित परिवारों तक कितना पहुंच रहा है।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल खनिज संपदा का भंडार नहीं है, बल्कि यहां आदिवासी समाज की संस्कृति, आजीविका और परंपराएं भी जुड़ी हुई हैं। कांग्रेस ने मांग की कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में रोजगार, पुनर्वास, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल की स्थिति पर सरकार स्पष्ट रिपोर्ट सामने रखे।
युवाओं के रोजगार पर भी सरकार से सवाल
कांग्रेस ने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि सरकार निवेश और रोजगार के बड़े दावे कर रही है, लेकिन स्थानीय युवा पूछ रहा है कि उसे स्थायी रोजगार कब मिलेगा।
PLFS 2025 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में 15-29 वर्ष आयु वर्ग की बेरोजगारी दर सामान्य स्थिति (usual status) के आधार पर ग्रामीण और शहरी आबादी को मिलाकर 6.1 प्रतिशत दर्ज की गई है।
कांग्रेस ने मांग की कि सरकार खाली सरकारी पदों की संख्या, भर्ती प्रक्रिया और भर्ती कैलेंडर सार्वजनिक करे। पार्टी ने पेपर लीक, लंबित भर्तियों और परीक्षाओं को लेकर भी जवाब मांगा।
SIR और मतदाता सूची पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा भी उठा। छत्तीसगढ़ में SIR की प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई थी और अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित हुई। अंतिम सूची में 1,87,30,914 मतदाता दर्ज हुए, जबकि पूर्व ड्राफ्ट में 2,12,30,737 मतदाता थे।
कांग्रेस ने मांग की कि विधानसभा वार हटाए गए नामों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए और यह बताया जाए कि इनमें आदिवासी, प्रवासी मजदूर और गरीब परिवारों से जुड़े कितने नाम शामिल हैं। निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर SIR 2026 की अंतिम मतदाता सूची और संबंधित सूचनाएं उपलब्ध हैं।
“डबल इंजन” सरकार पर भी हमला
सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस का सवाल विकास के खिलाफ नहीं है, बल्कि विकास के मॉडल को लेकर है। पार्टी का सवाल है कि यदि राज्य से खनिज बाहर जाएं और आर्थिक लाभ का बड़ा हिस्सा बाहर जाए, तो स्थानीय आदिवासी और युवा पीछे क्यों रह जाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक जनता के मुद्दों को उठाएगी। पार्टी ने सरकार से “मोदी की गारंटी” और चुनावी वादों का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की मांग भी की।
कानून-व्यवस्था, किसान और महंगाई पर भी घेरा
कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी ने रायपुर समेत प्रदेश में अपराध की घटनाओं, महिलाओं की सुरक्षा और कथित अवैध रेत वसूली के मामलों पर सरकार से जवाब मांगा। साथ ही किसान, बिजली और महंगाई जैसे रोजमर्रा के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
कांग्रेस ने कहा कि जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाना पार्टी की प्राथमिकता होगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।
भाजपा सरकार से कांग्रेस के 10 सवाल
कांग्रेस ने सरकार के सामने आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन, खनिज संपदा, पर्यावरण, युवाओं के रोजगार, मनरेगा, मतदाता सूची, किसान-महंगाई-बिजली और संगठनात्मक जवाबदेही से जुड़े सवाल रखे। पार्टी ने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के मार्गदर्शन में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेगी।
गौरतलब है कि सुखदेव भगत का छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद यह पहला प्रदेश दौरा है। उनके दौरे में वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के साथ संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम भी रखा गया है।
पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड, वरिष्ठ नेता धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, मो. अकबर, मोहन मरकाम, डॉ. शिवकुमार डहरिया, सांसद फूलोदेवी नेताम समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
